यूरिक एसिड में अचूक है अशोक!!
भारतीय वाङ्मय पर कार्य करने और उससे सभी को लाभान्वित करने की आज बहुत बड़ी आवश्यकता है। आज जब दुनिया में यूरिक एसिड के मामले बढ़ रहे हैं। इस हाई यूरिक एसिड के कारण भी किडनी डिजीज, ज्वाइण्ट डैमेज, हार्ट डिजीज और गाउट के जोखिम बढ रहे हैं। यह रक्त में मौजूद एक अपशिष्ट और विषैला पदार्थ है।
सामान्य परिस्थितियों में यूरिक एसिड गुर्दे और पेशाब के रास्ते से बाहर निकल जाता है, यूरिक एसिड का निर्माण तब होता है जब बॉडी प्यूरिन नामक यौगिकों को तोड़ता है, किन्तु जब हम उच्च प्यूरिन वाले खाद्य पदार्थ सेवन करते हैं तो शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ सकती है और समस्यायें भी। जैसे ब्रोकली और फूलगोभी में सब्जियाँ विटामिन और खनिजों से समृद्ध स्रोत तो हैं लेकिन इनमें प्यूरिन का स्तर उच्च होता है। ऐसे ही मशरूम, हरी मटर, पालक, शतावर की पत्तियों, स्प्राउट्स, राजमा में भी अधिक मात्रा में प्यूरिन होता है।
यूरिक एसिड में एलोपैथ में जीवनभर दवाइयाँ देते हैं पर लाभ नहीं मिलता, उधर दवाइयाँ खाते रहते हैं, *इधर यूरिक एसिड* से प्रभावित होकर हमारे अवयव खराब होते जाते हैं।
अब जब हम यूरिक एसिड पर विचार करते हैं यह एक गरम, अम्ल (अग्नि और जल तत्व प्रधान) त्वचा के रंग को बिगाड़ने वाला कालापन और निस्तेज करने वाला, प्यास, जलन, सड़न, गलन करके कृमि उत्पन्न करने वाला, शरीर में विषक्तता लाने वाला और रक्त दोष उत्पन्न करने वाला शरीर का एक विकारी पदार्थ है।
ऐसे में हमारा ध्यान अशोक की छाल और उस पर उपलब्ध शास्त्रीय चर्चा पर गया-
*अशोक: शीतलस्तिक्तोग्राहीवर्ण्यः कषायक:।*
*दोषापचीतृषादाहकृमिशोषविषास्रजित्।।*
- भावप्रकाश
अशोक शीतल है, तिक्त और कषाय रस है, ग्राही है, त्वचा के रंग को निखारता है, उसमें कान्ति लाता है, यह कृमिनाशक है, अपची, शोष, प्यास, जलन को मिटा सकता है, यह विषनाशक है और रक्तशोधक भी। अब आप देखें कि *‘अशोक’* में यूरिक एसिड के विरूद्ध गुण हैं न।
तब हमने *‘आयुष ग्राम’* में यूरिक एसिड के रोगियों में अशोक के विभिन्न कल्पों का प्रयोग करना प्रारम्भ किया। *परिणाम बहुत ही सकारात्मक और उत्साहवर्धक मिलने लगे।* इसलिए इस पर व्यापक चर्चा करने की इच्छा हुयीं
अशोक का वृक्ष सभी जानते हैं, रावण जब माता सीता का हरण करके ले गया तो उन्हें अशोक वाटिका में ही रखा। महर्षि वाल्मीकि अशोक वाटिका की विशेषता लिखते हैं-
*सर्वकामफलैर्वृक्षैर्नानापुष्पफलैर्वृताम्।*
*सर्वकालमदैश्चापि द्विजै: समुपसेविताम्।।*
वा.रा. २/५६/३३।।
अशोक वाटिका में पहुँचने पर सभी कामनायें शांत हो जाती थीं यानी शांति का उत्तम स्थान, अनेक प्रकार के फल व फूल वाले वृक्षों से युक्त, मदमस्त पक्षियों का भी यह वाटिका निवास स्थान थी।
अशोक का वृक्ष हरा-भरा आम के सदृश २५-३० फुट ऊँचा, पत्ते प्राय: अवृत्त गहरे हरे रंग के ३-६ जोड़ेदार, आमताकार या भालाकार, ३-९ इंच तक लम्बे और ढाई इंच तक चौड़े होते हैं। इसके पुष्प सघन गुच्छों में सुगन्धित, चमकीले, सुनहरे रंग के रक्ताभ, ३-४ इंच व्यास के होते हैं। अशोक वृक्ष में वसंत ऋतु में पुष्प तथा शरद् ऋतु में फल लगते हैं।
इसमें हीमैटॉक्सिलिन टैनिन सर्वाधिक पाया जाता है इसके अलावा कैटेकाल, फ्लेवेनॉयड्य, स्टेरॉयड्स, सैपोनिन्स, कीटोस्टेरॉल, ग्लायकोसाइड्स, वाष्पशील तेल, कैटेचोल, कार्बोनिक कैल्शियम, लौह तथा स्टेरॉयडल ग्लायकोसाइड्स पाये जाते हैं।
आपको जानकर प्रसन्नता होगी कि यही कारण है कि अशोक के वृक्ष की छाल की माँग निरन्तर बढ़ रही है। एक अनुमान है कि भारत वर्ष में वर्तमान में प्रतिवर्ष २०० मैट्रिक टन अशोक की छाल की माँग है और यह माँग १०-१५ प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। इस माँग को पूरी करने के लिए सरकार द्वारा इसकी खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इस हेतु इटानगर (अरुणांचल प्रदेश) से लेकर तिरुवन्तपुरम् (केरल) तक एक अशोक सेतु *(Ashoka COrridor)* बनाया जाना प्रस्तावित है।
इसी क्रम में यह विशेष तथ्य बताते चलें कि बागों, बगीचों, घरों, लानों में जो एक लम्बा अशोक की तरह वृक्ष लगा पाया जाता है वह अशोक नहीं है, वह *काष्ठदारु है।* अशोक का वानस्पतिक नाम सराका अशोका *(SARACA ASOKA)* है और यह शिम्बीकुल (लेग्युमिनोसी *Leguminosae)* का है *और काष्ठदारु, सीताफल कुल (एनोनेसी Annonaceae)* की वनस्पति है, इसका वानस्पतिक नाम पौलिऐल्थिया लौंगिफोलिया *(Palylthia Longifolia)* है। *इसलिए अशोक के स्थान पर इसकी छाल का प्रयोग नहीं करना चाहिए।*
एक शोध में यह भी बताया गया है कि अशोक प्राकृतिक टैनिन वैâल्शियम अवशोषण में सहायता प्रदान करता है जिससे हड्डियाँ मजबूत होती हैं।
साभार: चिकित्सा पल्लव
Comments
Post a Comment