Mystery Fever या विचित्र ज्वर
डेंगू टेस्ट- पॉजिटिव, टाइफाइड टेस्ट- पॉजिटिव, लक्षण चिकुनगुनिया, मलेरिया और गठिया के। 15 -20 दिनों तक अति दौर्बल्य और जोड़ों में दर्द की समय बनी रह रही है। ऐसे बहुत से मरीज विगत कुछ दिनों में देखने को मिले हैं।
आयुर्वेद में कुछ इसी प्रकार के ज्वर को विषम ज्वर की श्रेणी में रखा गया है।
बचाव के लिए (निदान परिवर्जन)-
◆मच्छरों से बचने के जितने उपाय जानते हैं सारे कर लें।
◆भीड़ भाड़ वाली जगह में मास्क लगाना कोई शर्म की बात नहीं है, मास्क का प्रयोग करें।
◆बाहर की वस्तुएं खाने से बचें।
◆कच्ची सब्जियों या फलों का प्रयोग न करें या करें भी तो बहुत अच्छी तरह से धुलने के बाद।
◆भोजन में घृत (घी) का प्रयोग अवश्य करें। ( शरद ऋतु में घी का प्रयोग उत्तम है )
◆पंचकर्म विशेषज्ञ से सलाह लेकर तिक्त घृत का प्रयोग करें और विरेचन कर्म कराएं।
◆तैल, दही तथा क्षारीय पदार्थो का सेवन इस ऋतु में न करें।
◆अधिक धूप और ओस के सेवन से बचें।
◆बुजुर्गों, छोटे बच्चों तथा किसी पुरानी बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
(च. सू. 6 & अन्य)
कुछ विचारणीय बिंदु 
◆प्रारम्भ में अतिचिकित्सा से बचें ( Avoid Over-Medication) - ज्वर होने पर पैनिक हो कर अंधाधुंध एंटीबायोटिक्स, iv फ्लूड्स, कीवी, पपीता, काढ़ा, बकरी का दूध आदि ना शुरू करें। शरीर को थोड़ा समय दें और हल्का सुपाच्य भोजन ही लें। हो सके तो उबाल कर ठंडा किया हुआ पानी ही पिएं। ज्वर अधिक होने पर चिकित्सक की सलाह से केवल ज्वर शामक औषधि का ही प्रयोग करें।
◆प्लेटलेट्स को लेकर बहुत ज़्यादा न घबराएं - प्लेटलेट्स काउंट कम होने पर पुनः स्वयं तथा कुछ आयुर्वेदिक औषधियों के प्रयोग से आसानी से बढ़ सकता है। रोगी के शरीर पर ध्यान दें अगर कहीं से रक्तस्राव के कोई लक्षण दिखते हैं या चकत्ते दिखते हैं तो चिकित्सक से संपर्क करें। अगर रक्तस्राव के कोई लक्षण नहीं हैं तो सामान्यतया प्लेटलेट्स चढ़ाने की आवश्यकता नहीं होती है।
◆काढ़ा - कोरो*ना के समय प्रयुक्त काढ़े का अधिक प्रयोग यहां पर हानिकारक भी हो सकता है क्योंकि अभी शरद ऋतु में उष्ण औषधियों जैसे तुलसी, काली मिर्च, अदरक, दालचीनी आदि का काढ़ा पित्त को और कुपित कर मामला बिगाड़ सकता है। अतः अपने आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह से ही किसी औषधि का प्रयोग करें। 'षडंग पानीय' नामक औषधि योग का प्रयोग काल और दोष के अनुसार ज़्यादा उपयुक्त प्रतीत होता है। ( च.चि. 3/145 & अन्य)
◆ अजा दुग्ध (बकरी का दूध) - आयुर्वेद के अनुसार बकरी का दूध मधुर, शीतल, ग्राही, कषाय आदि गुणों से युक्त होता है अतः ज्वर चिकित्सा सिद्धांतों के अनुसार ज्वर की प्रारंभिक अवस्था में सामान्यतया इसका प्रयोग उचित नहीं है। लगभग एक सप्ताह के बाद दोषों का पाचन हो जाने के उपरांत इसका प्रयोग कर सकते हैं। ( च.सू. 27/222 & च. चि. 3/143)
सारांश: 
◆आराम करें, पानी पिएं और हल्का सुपाच्य आहार लें।
◆ज्वर शमन के लिए तिक्त रस प्रधान द्रव्यों का सेवन करें और औषधि सिद्ध जल का प्रयोग करें।
◆तुलसी के पौधे और पपीते के पेड़ों को अनावश्यक क्षतिग्रस्त न करें। अजा दुग्ध का प्रयोग भी रोग की अवस्थानुसार करें।
◆3-4 दिन में बुखार कम न होने की स्थिति में योग्य चिकित्सक से सलाह ले कर ही अन्य दवाओं का सेवन करें।
◆अंधाधुंध दवाओं का सेवन फायदे से ज़्यादा नुकसान कर सकता है इस बात को समझें।
◆बुज़ुर्गों, बच्चों व पुरानी बीमारी से पीड़ित लोगों पर विशेष ध्यान दें।
उचित आहार, विहार और औषधि के प्रयोग से व्यक्ति 7 दिन 10 दिन या 12 दिन में विषम ज्वर से मुक्त हो सकता है और अगर उचित चिकित्सकीय व्यवहार ना हो तो विषम ज्वर लंबे समय तक बने रह सकता है और अतिकष्टदायी होता है, ऐसा प्रसंग चरक संहिता में है। (च. चि. 3/54-60 )
मात्र रोगमुक्ति के लिए नहीं अपितु सम्पूर्ण स्वाथ्य के लिए, आयुर्वेद अपनाएं। 

Comments
Post a Comment